सिंघिया बाजार के निकट बाइक दुर्घटना में एक व्यक्ति घायल, पीएचसी में भर्ती
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघिया-रोसड़ा मुख्य सड़क मार्ग पर रविवार को एक बाइक दुर्घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सिंघिया बाजार के निकट हुई, जहां तेज गति से जा रही बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान दरभंगा जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के जक्सो गांव निवासी रघुनी सहनी के पुत्र श्याम सहनी के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि श्याम सहनी बाइक से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक एक बच्चा आ गया। बच्चे को बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल घायल युवक को इलाज के लिए सिंघिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अविनाश तिवारी ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सकों ने घायल युवक की स्थिति पर नजर रखते हुए आवश्यक उपचार जारी रखा है। इस दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।






Total Users : 10101813
Views Today : 1776