Explore

Search

June 13, 2026 2:06 pm

जहांगीरपुर पंचायत को दूधपुरा थाना से जोड़ने की चर्चा, लोगों ने जताई चिंता

जहांगीरपुर पंचायत को दूधपुरा थाना से जोड़ने की चर्चा, लोगों ने जताई चिंता

 

समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत जहांगीरपुर पंचायत को प्रस्तावित दूधपुरा थाना क्षेत्र में शामिल किए जाने की चर्चा के बाद स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नए थाना गठन की प्रक्रिया में जहांगीरपुर पंचायत को दूधपुरा थाना से जोड़े जाने पर विचार किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान में जहांगीरपुर पंचायत सिंघिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है, जिससे थाना, प्रखंड मुख्यालय एवं अन्य प्रशासनिक कार्यालयों से लोगों का सीधा संपर्क बना रहता है। यदि पंचायत को दूधपुरा थाना क्षेत्र में शामिल किया जाता है तो आम लोगों को कई प्रशासनिक और कानूनी कार्यों के लिए अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

ग्रामीणों का कहना है कि किसी मारपीट या दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिकी दर्ज कराने से पहले चिकित्सीय जांच की आवश्यकता होती है। दूधपुरा में फिलहाल केवल अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) है, जहां 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं रहती। ऐसे में लोगों को इलाज के लिए सिंघिया पीएचसी या हसनपुर प्रखंड के स्वास्थ्य केंद्रों का सहारा लेना पड़ सकता है।

कुछ बुद्धिजीवियों ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि प्रखंड एवं अंचल कार्यालय सिंघिया में ही रहेंगे, जबकि थाना दूधपुरा में होने से लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए अलग-अलग स्थानों का चक्कर लगाना पड़ सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि भूमि विवाद, आपसी झगड़े और अन्य मामलों में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण होती है, इसलिए नए थाना क्षेत्र के निर्धारण में जनता की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। स्थानीय लोग सरकार और जनप्रतिनिधियों से मांग कर रहे हैं कि किसी भी निर्णय से पहले आम जनता की राय और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!