बिहार के दगभंगा जिले में एक महिला को पिस्टल के साथ वीडियो बनाना भारी पड़ गया। महिला ने एक डांस वीडियो बनाया जिसमें वो अपनी साड़ी से रिवॉल्वर निकालकर मजे से डांस कर रही है। जब ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो इसकी भनक घनश्यामपुर पुलिस को लगी और पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया। महिला के पास से पुलिस ने पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस की गिरफ्त में रिवॉल्वर रानी
घनश्यामपुर पुलिस को जब इस महिला और उसके वीडियो की खबर पता चली तो कार्रवाई करते हुए महिला के घर छापेमारी की गई। पुलिस ने उसके घर से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, अतिरिक्त मैगजीन और एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। गिरफ्तार महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जहां उससे पूछताछ की जा रही है कि ये पिस्टल उसे कहां से मिली और इसमें किसका हाथ है।
पिस्टल लेकर डांस करने का वीडियो वायरल
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी ने बताया कि 29 जुलाई को घनश्यामपुर थाना के सरकारी नंबर पर एक वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें एक महिला पिस्टल के साथ डांस करती दिखाई दे रही थी। वीडियो का सत्यापन अलग-अलग चौकीदारों से कराया गया, जिसके बाद महिला की पहचान सिरसिया गांव निवासी राम गुलाम यादव की पत्नी लाखो देवी के रूप में हुई।
महिला और परिजनों से पूछताछ जारी
इसके बाद थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर सिरसिया स्थित महिला के घर पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान घर में रखे एक बक्से से मैगजीन सहित एक पिस्टल, एक अतिरिक्त मैगजीन, एक छोटे बैग में दो जिंदा कारतूस (KF 7.65 अंकित), वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 160 रुपये नकद बरामद किए गए। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष आलोक कुमार, पुलिस पदाधिकारी अशोक कुमार, सतीश कुमार, आकृति कुमारी, महिला सिपाही अंतिमा कुमारी, पूजा कुमारी, खुशबू तथा सिपाही धर्मेंद्र कुमार चौधरी और रजनीश कुमार शामिल रहे।
एसडीपीओ ने बताया कि अवैध हथियार एवं कारतूस रखने के आरोप में लाखो देवी को गिरफ्तार कर घनश्यामपुर थाना में मामला दर्ज किया गया। पूछताछ के बाद गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि गिरफ्तार महिला के खिलाफ घनश्यामपुर थाना कांड संख्या 151/25 में मारपीट के एक मामले में पहले से भी प्राथमिकी दर्ज है।
इनपुट: जितेन्द्र कुमार (दरभंगा)

Total Users : 10170447
Views Today : 4089