Explore

Search

August 3, 2026 2:59 am

बिहार में मौसम का कहर: अररिया में बवंडर से उड़ी घरों की छतें, कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट

बिहार में मौसम का कहर: अररिया में बवंडर से उड़ी घरों की छतें, कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट

पटना/अररिया: बिहार में मानसून का असर लगातार देखने को मिल रहा है। राज्य में एक ओर भीषण उमस और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, वहीं दूसरी ओर कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। इसी बीच अररिया जिले के जोकीहाट प्रखंड की सिसोना पंचायत में अचानक उठे बवंडर ने लोगों में दहशत फैला दी। तेज घूमती हवा के कारण कई घरों की टीन की छतें उड़ गईं और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पहले कभी ऐसा दृश्य नहीं देखा था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार यह स्थानीय स्तर पर बना तेज घूमता वायु-भंवर था, जिसने कुछ मिनटों में नुकसान पहुंचाया।

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने राज्य के 90 से अधिक प्रखंडों में अगले एक से तीन घंटे के भीतर तेज बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई है। भागलपुर, मुजफ्फरपुर, पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, कटिहार, पूर्णिया, औरंगाबाद तथा गया सहित कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।

वहीं तापमान की बात करें तो कैमूर जिला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की अपील की है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!