Explore

Search

August 30, 2026 5:15 pm

सिंघिया की सभी 14 पंचायतों में मनाया गया पंचायत विकास दिवस, सामाजिक न्याय और स्वच्छता पर हुई चर्चा

सिंघिया की सभी 14 पंचायतों में मनाया गया पंचायत विकास दिवस, सामाजिक न्याय और स्वच्छता पर हुई चर्चा

सिंघिया। सरकार के निर्देशानुसार रविवार को सिंघिया प्रखंड की सभी 14 ग्राम पंचायतों के पंचायत भवन, पंचायत सरकार भवन एवं अन्य सरकारी भवनों में “पंचायत विकास दिवस” का आयोजन किया गया। प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का इस बार का मुख्य थीम “सामाजिक न्याय एवं सामाजिक रूप से सुरक्षित पंचायत” रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संबंधित पंचायतों के मुखिया ने की, जबकि संचालन पंचायत सचिवों एवं निर्देशानुसार नामित कर्मियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत स्तरीय कर्मियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं ग्रामीणों ने भाग लिया। बैठक में पंचायत के सामाजिक, आर्थिक एवं विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन पर जोर

बैठक में सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आम नागरिकों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से लोक सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि ग्राम पंचायतें सरकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

वक्ताओं ने सामाजिक न्याय को व्यक्तिगत आचरण, संस्थागत कार्यव्यवहार, संस्कृति और नीतिगत निर्णयों में अपनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के साथ विकास की अवधारणा संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों का प्रतिबिंब है।

“सबका योजना-सबका विकास” पर चर्चा

पंचायत विकास दिवस को लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण को मजबूत करने वाली जनोन्मुखी पहल बताते हुए कहा गया कि इसमें स्थानीय स्तर पर योजनाओं के निर्माण, क्रियान्वयन और अनुश्रवण में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाती है। इसका उद्देश्य “सबका योजना-सबका विकास” की अवधारणा को साकार करते हुए पंचायत के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, रोजगार, जल संरक्षण, सामाजिक सौहार्द सहित कई स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान पर विशेष चर्चा

अगस्त माह के पंचायत विकास दिवस में सरकार के निर्देश के अनुसार “लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान” को लेकर विशेष चर्चा की गई। बैठक में कचरा उठाव में आ रही समस्याओं, स्वच्छता कर्मियों के भुगतान तथा महादलित परिवारों के व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की स्थिति पर विचार-विमर्श किया गया।

इसके अलावा पंचायतों में खराब पड़े ठेला एवं ई-रिक्शा की अविलंब मरम्मत कराने पर जोर दिया गया। बैठक में उपस्थित स्वच्छता पर्यवेक्षकों ने पंचायत के सभी वार्डों के प्रत्येक घर से यूजर चार्ज का भुगतान करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सामाजिक न्याय, स्वच्छता और समावेशी विकास के लिए पंचायत स्तर पर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!