Explore

Search

September 20, 2026 9:59 pm

फरार आरोपितों को पकड़ने पहुंची हथौड़ी पुलिस से नोकझोंक, वाहन का शीशा तोड़ा

फरार आरोपितों को पकड़ने पहुंची हथौड़ी पुलिस से नोकझोंक, वाहन का शीशा तोड़ा

 

सैफ जवान व महिला सिपाही घायल, पुलिस के कब्जे से दो आरोपित छुड़ाकर भागे; मामले में एक आरोपित गिरफ्तार

 

बिहार के समस्तीपुर जिले के अंतर्गत हथौड़ी थाना क्षेत्र के परशुराम गांव में दर्ज मामले के फरार आरोपितों को गिरफ्तार करने बेगूसराय जिला के मंसूरचक थाना क्षेत्र के तेमुंहा गांव मोहनपुर डीह पहुंची हथौड़ी पुलिस टीम के साथ शनिवार की रात परिजनों व अन्य लोगों ने कथित रूप से मारपीट व धक्का-मुक्की की। इस दौरान पुलिस वाहन पर ईंट-पत्थर चलाकर पीछे का शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना में सैफ जवान रंजीत कुमार और महिला सिपाही सिंपी कुमारी घायल हो गईं। घायल का प्राथमिक उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंदसौर चक में कराया गया। जिसका हालत अभी सामान्य बताया जा रहा है।पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान पकड़े गए दोनों आरोपितों को भी भीड़ ने पुलिस अभिरक्षा से छुड़ा लिया और वे मौके से निकल गए।

घटना के संबंध में हथौड़ी थाना के अपर थानाध्यक्ष सह अनुसंधानकर्ता मुखराम सिंह ने मंसूरचक थाना में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है। आवेदन में तेमुंहा मोहनपुर डीह निवासी आमोद झा, कुमोद झा तथा मनोरंजन उर्फ गोलू झा को नामजद करते हुए कई अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तेमुंहा वार्ड पांच निवासी शिवशंकर झा के पुत्र प्रमोद झा को गिरफ्तार कर रविवार को बेगूसराय न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अपर थानाध्यक्ष मुखराम सिंह के अनुसार हथौड़ी थाना कांड संख्या 35/26 के अनुसंधान के क्रम में शनिवार 19 सितंबर की रात सूचना मिली कि मामले के प्राथमिकी आरोपित हेमकांत झा और शिवम झा दोनों मंसूरचक थाना क्षेत्र के तेमुंहा मोहनपुर डीह स्थित आमोद झा के घर में छिपे हुए हैं। सूचना के सत्यापन और गिरफ्तारी के लिए वह महिला सिपाही सिंपी कुमारी, सिपाही रंजीत कुमार तथा चालक विजय कुमार महतो के साथ पुलिस बोलेरो से मंसूरचक थाना पहुंचे। वहां स्थानीय पुलिस से सहयोग लेकर टीम आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए मोहनपुर डीह रवाना हुई। पुलिस के मुताबिक आमोद झा के घर पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत तलाशी ली गई। इसी दौरान दोनों आरोपित घर के अंदर मौजूद मिले। पुलिस बल के सहयोग से दोनों को पकड़ लिया गया और उन्हें अपने साथ लाने की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच वहां मौजूद लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि आमोद झा, कुमोद झा, मनोरंजन उर्फ गोलू झा समेत अन्य लोगों ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों के साथ गाली गलौज करते हुए धक्का मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। महिला सिपाही सिंपी कुमारी के साथ भी कथित रूप से बदसलूकी की गई। इसी दौरान पुलिस के कब्जे में आए हेमकांत झा और शिवम झा को बलपूर्वक छुड़ा लिया गया। दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए। विरोध के दौरान पुलिस बोलेरो संख्या BR33PA0382 पर ईंट-पत्थर फेंके गए, जिससे वाहन का पिछला शीशा टूट गया। आवेदन के अनुसार, पुलिसकर्मियों को धमकी भी दी गई। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलने के बाद मंसूरचक थाना से अतिरिक्त पुलिस पदाधिकारी एवं बल मौके पर पहुंचे। इसके बाद भी कुछ लोगों द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ धक्का मुक्की किए जाने की बात आवेदन में कही गई है। हथौड़ी पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों के विरुद्ध पूर्व में भी गंभीर मामला दर्ज है। अपर थानाध्यक्ष मुखराम सिंह ने बताया कि बीते 9 जुलाई को हथौड़ी थाना क्षेत्र के परशुराम गांव में पीने के पानी को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान पड़ोसी के बच्चे का गला दबाकर हत्या का प्रयास करने का आरोप शिवम झा और हेमकांत झा सहित अन्य पर लगाया गया था। घटना के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची 112 पुलिस टीम के साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई थी तथा सरकारी वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। इस संबंध में हथौड़ी थाना में कांड संख्या 36/26 तथा मारपीट के मामले में कांड संख्या 35/26 दर्ज किया गया था। दोनों आरोपित इसके बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस का कहना है कि लगातार फरार रहने के बाद दोनों के मंसूरचक थाना क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर हथौड़ी पुलिस टीम ने स्थानीय थाना से समन्वय स्थापित कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की थी। इसी दौरान पुलिस टीम के साथ यह घटना हुई। घटना के बाद मंसूरचक थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी है। नामजद आरोपितों में से प्रमोद झा को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस अन्य नामजद एवं अज्ञात आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के दौरान घायल पुलिसकर्मियों का उपचार कराया गया है। पुलिस वाहन को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।

हथौड़ी थानाध्यक्ष ने बताया कि मंसूरचक थाना क्षेत्र में कांड संख्या 35/26 और 36/26 के दो आरोपितों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद अनुसंधानकर्ता सह अपर थानाध्यक्ष को पुलिस बल के साथ वहां भेजा गया था। कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई और सरकारी वाहन को भी क्षतिग्रस्त किया गया। इस संबंध में अपर थानाध्यक्ष द्वारा मंसूरचक थाना में लिखित आवेदन दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!