Explore

Search

September 24, 2026 6:15 pm

Samastipur में सोशल मीडिया पर नाबालिग लड़की से अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल, 6 घंटे में 4 आरोपी गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर नाबालिग लड़की के साथ अभद्र व्यवहार का वीडियो वायरल, 6 घंटे के भीतर चार आरोपी गिरफ्तार

 

समस्तीपुर। 23 सितंबर 2026 की शाम सोशल मीडिया निगरानी के दौरान समस्तीपुर पुलिस के संज्ञान में एक वीडियो आया, जिसमें 3-4 व्यक्तियों द्वारा एक लड़की के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की बात सामने आई। वीडियो की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के अनुसार, वीडियो का तत्काल तकनीकी सत्यापन कराया गया। सत्यापन के आधार पर घटना का स्थान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जगतसिंहपुर स्थित बांध के पास सड़क के रूप में चिन्हित किया गया। पुलिस ने बताया कि घटना लगभग एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है।

वीडियो में दिखाई दे रही पीड़िता प्रथमदृष्टया नाबालिग प्रतीत हो रही है। पीड़िता की पहचान तत्काल स्थापित नहीं हो पाने के बावजूद मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पदाधिकारी के बयान के आधार पर कर्पूरीग्राम थाना कांड संख्या 117/26, दिनांक 24 सितंबर 2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।

समस्तीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली। सूचना मिलने के छह घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले या उसकी मानसिक एवं सामाजिक स्थिति को नुकसान पहुंचाने वाले वीडियो, फोटो अथवा अन्य सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे पोस्ट या कंटेंट को शेयर करना भी संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आ सकता है।

गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और अवधेश पासवान शामिल हैं। सभी आरोपी समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र से संबंधित बताए गए हैं।

पुलिस ने मामले में आगे की जांच जारी रहने की जानकारी दी है। पीड़िता की पहचान और अन्य निजी विवरण गोपनीय रखे जा रहे हैं

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!