सुपौल DTO कार्यालय में निगरानी की छापेमारी, 15 हजार रुपये रिश्वत लेते डेटा ऑपरेटर गिरफ्तार
सुपौल: बिहार के सुपौल जिले में निगरानी विभाग ने गुरुवार को जिला परिवहन कार्यालय (DTO) में कार्रवाई करते हुए एक डेटा ऑपरेटर को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नंदलाल कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, ललितग्राम निवासी अजहर अली ने निगरानी विभाग, पटना में शिकायत की थी कि दिल्ली नंबर की कार को बिहार नंबर में ट्रांसफर कराने के एवज में डेटा ऑपरेटर नंदलाल कुमार द्वारा 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने आरोप का सत्यापन कराया। मामला सही पाए जाने पर धावा दल का गठन किया गया। इसके बाद गुरुवार को टीम ने DTO कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की और नंदलाल कुमार को कथित तौर पर 15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी डीएसपी विंध्याचल प्रसाद के अनुसार, कार्रवाई में इंस्पेक्टर राजेश कुमार, सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार निराला समेत नौ सदस्यीय टीम शामिल थी। गिरफ्तारी के बाद टीम ने कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों और रिकॉर्ड की भी जांच की। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Total Users : 10233555
Views Today : 4118