स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 को लेकर गठित कोषांगों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 की अधिसूचना जारी होने के पश्चात निर्वाचन प्रक्रिया के सफल, स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर आज जिलाधिकारी, समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में गठित विभिन्न कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्य के लिए गठित सभी कोषांगों की तैयारियों एवं अब तक की गई कार्रवाई की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने सभी प्रभारी पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं समय-सीमा का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने कार्मिक कोषांग को आवश्यकतानुसार कर्मियों की उपलब्धता, प्रतिनियुक्ति एवं प्रशिक्षण से संबंधित कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। परिवहन कोषांग को वाहनों की उपलब्धता एवं निर्वाचन कार्य में उनके समुचित उपयोग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। सामग्री कोषांग को निर्वाचन से संबंधित आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता, सुरक्षित भंडारण एवं समय पर वितरण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसी प्रकार प्रेक्षक कोषांग को निर्वाचन प्रेक्षकों से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करने तथा मीडिया कोषांग को निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण सूचनाओं के अधिकृत एवं समयबद्ध प्रसार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। निर्वाचन कोषांग को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का समन्वय करते हुए कार्यों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन एक महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया है, इसलिए सभी पदाधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं तत्परता के साथ निर्वहन करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त, समस्तीपुर श्री सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता श्री ब्रजेश कुमार, अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन श्री राजेश सिंह सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
इसके अतिरिक्त कार्मिक कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी श्री धर्मराज, परिवहन कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी श्री प्रवीण कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, सामग्री कोषांग के प्रभारी श्री अली एकराम, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, प्रेक्षक कोषांग के प्रभारी पदाधिकारी श्री रजनीश कुमार राय, जिला नजारत उप समाहर्ता, मीडिया कोषांग के प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी तथा निर्वाचन कोषांग के प्रभारी उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री विनोद कुमार सहित विभिन्न कोषांगों के प्रभारी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Total Users : 10233555
Views Today : 4118