Explore

Search

September 24, 2026 8:52 pm

जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार बैरगनिया प्रखंड में विभिन्न संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों की जांच

जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार बैरगनिया प्रखंड में विभिन्न संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों की जांच

 

जिला पदाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार सीतामढ़ी सदर के अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जांच दल द्वारा आज दिनांक 24 सितंबर 2026 को बैरगनिया प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न सरकारी संस्थानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का व्यापक निरीक्षण एवं जांच की गई।

 

जांच दल में प्रखंड विकास पदाधिकारी, बैरगनिया, अंचलाधिकारी, बैरगनिया, थानाध्यक्ष, बैरगनिया, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, बैरगनिया तथा औषधि निरीक्षक शामिल रहे।

 

जांच दल द्वारा बैरगनिया प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बाजार समिति, साइबर कैफे, मेडिकल दुकानों, उर्वरक दुकानों एवं अल्ट्रासाउंड केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित संस्थानों एवं प्रतिष्ठानों में उपलब्ध सुविधाओं, आवश्यक अभिलेखों, निर्धारित मानकों के अनुपालन तथा जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जांच की गई।

 

बारिश की स्थिति को देखते हुए जांच दल द्वारा क्षेत्र के तटबंध का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान तटबंध की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा जलस्तर से संबंधित बिंदुओं का जायजा लिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को तटबंध की सतत निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, तटबंध से सटे लोगों से अपील की गई कि वे सतर्क रहें, प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की सूचना अथवा संभावित खतरे की स्थिति में तत्काल संबंधित पदाधिकारियों को सूचित करें।

 

निरीक्षण के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों एवं संचालकों को अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित नियमों एवं निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता नहीं बरतने का निर्देश दिया गया।

 

जांच के दौरान जहां भी अनियमितताएं पाई गईं, वहां संबंधित व्यक्तियों/प्रतिष्ठानों से स्पष्टीकरण की मांग की गई है। अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त स्पष्टीकरण एवं जांच के तथ्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रेत्तर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

 

जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों को बेहतर एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध कराने तथा सरकारी संस्थानों एवं निजी प्रतिष्ठानों में नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार की जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी जारी रखी जाएगी। साथ ही, बारिश एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए तटबंधों की निगरानी तथा आम लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई भी निरंतर जारी रहेगी।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!