सिंघिया प्रखंड की 14 पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का आयोजन, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा युक्त पंचायत पर हुई चर्चा
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड अंतर्गत सभी 14 ग्राम पंचायतों में सरकार के निर्देशानुसार सितंबर माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पंचायत भवन, पंचायत सरकार भवन एवं अन्य सरकारी भवनों में आयोजित कार्यक्रम में इस बार “आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा युक्त पंचायत” विषय पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संबंधित पंचायतों के मुखिया ने की, जबकि संचालन पंचायत सचिव एवं नामित कर्मियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत स्तरीय कर्मियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं ग्रामीणों ने भाग लिया। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, रोजगार, जल संरक्षण, सामाजिक सुधार सहित पंचायत के विभिन्न विकास एवं स्थानीय मुद्दों पर चर्चा हुई।
इसी क्रम में हरदिया, लिलहौल, माहे एवं विष्णुपुर डीहा पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास प्लस-2024 में सर्वेक्षित परिवारों की सिस्टम जेनरेटेड प्रारूप प्रतीक्षा सूची के अनुमोदन की कार्रवाई भी की गई।
बैठक में सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आम लोगों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से लोक सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि पंचायतें सरकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। पंचायतों में सड़क, बिजली, पानी, सरकारी भवन, इंटरनेट सुविधा और रोजगार के बेहतर साधन उपलब्ध होने से स्थानीय स्तर पर विकास को गति मिलेगी।
आरटीपीएस काउंटर के संचालन पर भी हुई चर्चा
पंचायती राज विभाग के निर्देश के अनुसार सितंबर माह के पंचायत विकास दिवस में पंचायत कार्यालय में आरटीपीएस संचालन की स्थिति पर भी चर्चा की गई। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने कुछ पंचायतों में कार्यपालक सहायकों की नियमित अनुपस्थिति से आरटीपीएस सेवा प्रभावित होने की बात उठाई।
बैठक में बताया गया कि माहे, विष्णुपुर क्योटहर, वारी एवं कुण्डल-02 पंचायतों में कार्यपालक सहायक के पदस्थापन नहीं होने से लोगों को आरटीपीएस सहित विभिन्न सेवाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत स्तरीय कर्मियों के पंचायत कार्यालय में नियमित रूप से उपस्थित रहकर कार्य करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, ताकि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी समय पर मिल सके और सेवा प्रदायगी सुचारु हो।

Total Users : 10238097
Views Today : 4226