बेतिया में बाढ़ का कहर, चंपारण तटबंध टूटा; कई गांवों में घुसा गंडक नदी का पानी
पश्चिम चंपारण: नेपाल के तराई इलाकों में हो रही भारी बारिश के बीच बिहार में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। पश्चिम चंपारण जिले के बैरिया प्रखंड में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच फुलियाखांड़ पंचायत के वार्ड नंबर-5 के समीप चंपारण तटबंध टूट गया।
बताया गया कि सोमवार की रात करीब 2 बजे गंडक नदी के बढ़ते दबाव के कारण तटबंध क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। तटबंध के इस हिस्से में पहले से ही सिपेज की समस्या बताई जा रही थी। टूटने के बाद गंडक का पानी तेजी से खेतों और निचले इलाकों में फैलने लगा।
तटबंध के बाएं हिस्से में फुलियाखांड़ गांव के पास करीब 59.60 किलोमीटर पर लगभग 5 मीटर चौड़ाई में क्षति होने की सूचना है। इससे फुलियाखांड़, श्यामपुर, शिवराजपुर समेत आसपास के कई गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
स्थिति को देखते हुए NDRF की 30 सदस्यीय टीम को मौके पर तैनात किया गया है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की है। लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा गया है।
आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के 06254-247002 और 06254-247003 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

Total Users : 10242084
Views Today : 1411