पंचायत सहयोग शिविर में ग्रामीणों को योजनाओं की दी जानकारी
शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत भटौरा पंचायत सरकार भवन परिसर में मंगलवार को पंचायत स्तरीय द्वितीय चरण के सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता रोसड़ा एसडीओ पूजा कुमारी ने की, जबकि संचालन बीडीओ वीरेंद्र कुमार सिंह ने किया। शिविर में रोसड़ा एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा समेत प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पंचायत की मुखिया सरिता कुमारी, समाजसेवी नीतीश कुमार उर्फ युवराज एवं पंचायत सचिव जितेंद्र कुमार ने मिथिला की परंपरा के अनुसार पदाधिकारियों को पाग, चादर व माला पहनाकर सम्मानित किया।
शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज, आवेदन की प्रक्रिया तथा संबंधित विभाग से संपर्क करने के तरीके के बारे में विस्तार से बताया। राशन कार्ड, बिजली, पीएम सूर्य योजना, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था पेंशन सहित कई योजनाओं से संबंधित जानकारी ग्रामीणों को उपलब्ध कराई गई।
एसडीओ पूजा कुमारी ने कहा कि पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना और उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है। अब छोटी-छोटी समस्याओं तथा योजनाओं की जानकारी के लिए ग्रामीणों को बार-बार प्रखंड या जिला कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। पदाधिकारी एवं कर्मी पंचायत में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं।
शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को समस्याओं के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए। मौके पर बीपीआरओ नाजिश प्रवीण, सीओ अम्बपाली यादव, एमओ नूरजहां, बिजली जेई आकाश वर्मा, बीईओ रामजन्म सिंह, बीसीओ शिव दर्शन पासवान, मनरेगा पीओ बबलू कुमार, अपर थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार, नीलू कुमारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक अमानुल्लाह, बीएओ सतीश कुमार, एलएस सहित अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।

Total Users : 10253919
Views Today : 870