बेतिया जीएमसीएच में मां का इलाज कराने पहुंची नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया स्थित जीएमसीएच से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। मां का इलाज कराने अस्पताल पहुंची एक नाबालिग लड़की के साथ अस्पताल में काम करने वाले एक युवक द्वारा कथित रूप से दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर नगर थाना पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
परिजनों के अनुसार, नाबालिग एक अक्टूबर को अपने माता-पिता के साथ मां के इलाज के लिए जीएमसीएच आई थी। चार अक्टूबर की दोपहर उसके पिता दवा और खाना लाने अस्पताल से बाहर गए थे। इसी दौरान आरोपी युवक कथित तौर पर बच्ची को बहला-फुसलाकर अस्पताल से बाहर अपने किराए के मकान में ले गया, जहां घटना को अंजाम देने का आरोप है।
आरोप है कि आरोपी ने बच्ची को धमकी भी दी थी कि घटना के बारे में किसी को बताने पर अस्पताल में इलाज करा रही उसकी मां को नुकसान पहुंचाएगा। घटना के बाद बच्ची डरी-सहमी थी और बाद में उसने परिजनों को पूरी जानकारी दी।
परिजनों के आवेदन पर नगर थाना पुलिस ने आरोपी रवि रंजन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराया है और मामले की जांच जारी है।
सदर एसडीपीओ अजीत कुमार के अनुसार, आरोपी अस्पताल में पानी और इंसुलिन चढ़ाने का काम करता था और एक निजी नर्सिंग होम में भी काम करता था। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
घटना के बाद जीएमसीएच परिसर में बाहरी लोगों की गतिविधियों और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

Total Users : 10253923
Views Today : 881