बिहार में डस्टबिन खरीद मामले पर पटना हाईकोर्ट सख्त, सरकार से मांगा हलफनामा
पटना: बिहार के सरकारी अस्पतालों में बायो मेडिकल वेस्ट के निपटारे के लिए खरीदे गए डस्टबिन और बैग की कीमतों में कथित अनियमितता का मामला अब पटना हाईकोर्ट पहुंच गया है। मामले की सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को अपना पक्ष रखने के लिए हलफनामा दायर करने का निर्देश दिया है।
यह जनहित याचिका कौशलेश कुमार ने दायर की है। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता संजीव कुमार मिश्र ने कोर्ट में आरोप लगाया कि अस्पतालों के लिए खरीदे गए 75 लीटर के डस्टबिन की कीमत करीब 15,490 रुपये और 45 लीटर के डस्टबिन की कीमत 11,474 रुपये बताई गई, जबकि बाजार में इनकी कीमत काफी कम है।
याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि बायोडिग्रेडेबल बैग की खरीद भी बाजार कीमत से कई गुना अधिक दर पर की गई। आरोपों के मुताबिक जून 2024 से अप्रैल 2026 के बीच 57 ऑर्डर के जरिए करीब 307 करोड़ रुपये की खरीदारी की गई।
पटना हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को मामले में हलफनामा दाखिल करने के लिए 3 नवंबर 2026 तक का समय दिया है। अगली सुनवाई में सरकार का जवाब सामने आने के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट होगी।

Total Users : 10253922
Views Today : 877