विधि व्यवस्था, भूमि विवाद एवं नीलाम वादों के त्वरित निष्पादन को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित
समस्तीपुर, 22 सितंबर 2026।
अनुमंडल पदाधिकारी श्री राकेश कुमार की अध्यक्षता में आज अनुमंडल कार्यालय प्रकोष्ठ में अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में विधि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, भूमि विवादों का त्वरित एवं प्रभावी निपटारा तथा नीलाम वादों के निष्पादन में तेजी लाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी श्री राकेश कुमार ने सभी थानाध्यक्षों को विधि व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। विधि व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए तथा संवेदनशील मामलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने भूमि विवादों के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित पक्षों के बीच आवश्यक समन्वय स्थापित करने तथा नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, लंबित मामलों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने को कहा।
नीलाम वादों की समीक्षा के क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी ने नोटिस के समय पर तामिला एवं लंबित नीलाम वादों के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि मामलों के निष्पादन में गति एवं पारदर्शिता सुनिश्चित हो तथा राजस्व वसूली में भी अपेक्षित प्रगति हो।
बैठक में सभी थानाध्यक्षों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों की विधि व्यवस्था, भूमि विवादों एवं लंबित मामलों से संबंधित स्थिति से अनुमंडल पदाधिकारी को अवगत कराया। अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए दिशा-निर्देशों का गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

Total Users : 10230156
Views Today : 4821