बांका में निगरानी का बड़ा एक्शन: 1.26 लाख रुपये रिश्वत लेते जेई और क्लर्क रंगेहाथ गिरफ्तार
बांका, बिहार। बांका जिला परिषद कार्यालय में सोमवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कनीय अभियंता (जेई) ओमप्रकाश मंडल और कार्यालय के क्लर्क जागेश्वर मंडल को 1 लाख 26 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से जिला परिषद कार्यालय सहित अन्य सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, एक संवेदक ने निगरानी विभाग से शिकायत की थी कि उसकी फाइल आगे बढ़ाने के लिए जेई द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। सोमवार को जैसे ही संवेदक ने तय राशि आरोपियों को सौंपी, पहले से मौजूद टीम ने दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान निगरानी टीम ने जिला परिषद कार्यालय का मुख्य द्वार बंद कर दिया और किसी को भी बाहर जाने की अनुमति नहीं दी। उस समय जिला परिषद अध्यक्ष समेत कई अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय में मौजूद थे, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
निगरानी विभाग के डीएसपी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पटना ले जाया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है और रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

Total Users : 10173769
Views Today : 317