आंगन मिलन कार्यक्रम में खेल-गतिविधियों से बच्चों ने सीखा, माताओं ने बढ़ाया उत्साह
शिवाजीनगर
प्रखंड अंतर्गत सभी 17 पंचायतों के आंगनबाड़ी केंद्रों पर गुरुवार को तीन दिवसीय आंगन मिलन एक्टिविटी कार्यक्रम का समापन हुआ। सीडीपीओ निभा कुमारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को खेल एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर दिया गया। कार्यक्रम में बच्चों के साथ उनकी माताओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कई केंद्रों पर गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। प्रखंड के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का माहौल सामान्य दिनों से अलग नजर आया। केंद्रों पर किताबों और औपचारिक कक्षा की बजाय खेल, मनोरंजक गतिविधियों और सहभागिता के माध्यम से बच्चों को सीखने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों को विभिन्न खेलों में शामिल कर उनकी रुचि के अनुरूप सीखने का अवसर दिया गया। गतिविधियों के दौरान बच्चों में उत्साह और उमंग देखने को मिली। आंगनबाड़ी केंद्रों को भी आकर्षक तरीके से सजाया गया था। सीडीपीओ निभा कुमारी ने मधुरापुर और बंधार पंचायत के आंगनबाड़ी केंद्रों पर पहुंचकर आंगन मिलन एक्टिविटी में स्वयं भाग लिया। उन्होंने बच्चों और माताओं से बातचीत कर कार्यक्रम की गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान गोदभराई कार्यक्रम में भी शामिल हुईं। उन्होंने आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका को केंद्र पर बच्चों और माताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान सेविका एवं सहायिका को सम्मान पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। आंगन मिलन कार्यक्रम के तहत बच्चों को खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया से जोड़ा गया। केंद्रों पर मौजूद माताओं को भी बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और विकास में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। गतिविधियों में बच्चों की भागीदारी से केंद्रों पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा। सभी केंद्रों पर माताओं ने भी गतिविधियों में हिस्सा लेकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। सभी आंगनबाड़ी केदो पर आंगन मिलन कार्यक्रम में माताओ का भी स्वागत किया गया।कार्यक्रम की निगरानी के लिए विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर महिला पर्यवेक्षिकाएं एलएस मौजूद रहीं। उन्होंने केंद्रों पर संचालित गतिविधियों का जायजा लिया तथा सेविका-सहायिका को आवश्यक निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान प्रखंड समन्वयक ज्योति कुमारी, एलएस रेनू सिन्हा, बबीता कुमारी, मंजू कुमारी, अंजली कुमारी सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे। सभी संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेविका एवं सहायिका ने बच्चों और माताओं की सहभागिता के साथ कार्यक्रम को संपन्न कराया।
तीन दिनों तक चले आंगन मिलन कार्यक्रम के समापन पर केंद्रों पर बच्चों की सक्रियता और माताओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक और गतिविधि आधारित बनाने का प्रयास किया गया।

Total Users : 10246770
Views Today : 1378