सिंघिया की आठ पंचायतों में दूसरे चरण के सहयोग शिविर की तिथि निर्धारित
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड अंतर्गत आठ पंचायतों में दूसरे चरण के सहयोग शिविर के आयोजन की तिथि निर्धारित कर दी गई है। प्रखंड विकाश पदाधिकारी विवेक रंजन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार संबंधित पंचायतों में अलग अलग तिथियों पर सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन प्रत्येक माह के पहले एवं तीसरे मंगलवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा। इसके माध्यम से पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित मामलों के निष्पादन की पहल की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जहांगीरपुर पंचायत में पहला सहयोग शिविर एक सितंबर को आयोजित होगा। इसके बाद सालेपुर पंचायत में 15 सितंबर को शिविर लगाया जाएगा। विष्णुपुर डीहा पंचायत में छह अक्टूबर, क्योंटहर पंचायत में 21 अक्टूबर, कुंडल एक पंचायत में तीन नवंबर तथा कुंडल दो पंचायत में 17 नवंबर को सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में फुलहरा पंचायत में एक दिसंबर और लिलहौल पंचायत में 15 दिसंबर को सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। प्रखंड प्रशासन के अनुसार सहयोग शिविर का उद्देश्य पंचायत स्तर पर ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत दिलाना और उनकी समस्याओं का यथासंभव त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों को लेकर ग्रामीण अपनी शिकायत एवं आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। संबंधित विभागों के कर्मियों एवं पदाधिकारियों की मौजूदगी में प्राप्त मामलों की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।बीडीओ विवेक रंजन ने बताया कि सहयोग शिविर के दूसरे चरण की तिथि निर्धारित कर दी गई है। निर्धारित तिथि के अनुसार संबंधित पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पंचायतवार कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही समस्याओं के समाधान का अवसर मिलेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि निर्धारित तिथि को आयोजित होने वाले शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों को रखें, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके। प्रखंड प्रशासन ने पंचायतवार निर्धारित कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर तैयारी शुरू कर दी है।

Total Users : 10254182
Views Today : 1877