सिंघिया में फायर ब्रिगेड टीम ने किया फायर ऑडिट, लोगों को किया जागरूक
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा को लेकर सिंघिया नगर पंचायत में आज शुक्रवार को फायर ब्रिगेड टीम द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान वार्ड संख्या-06 स्थित त्रिमूर्ति फर्नीचर हाउस एवं संजीवनी सेंटर में फायर ऑडिट किया गया। टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा से जुड़े आवश्यक उपकरणों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा मानकों का पालन करने की सलाह दी।
अभियान के दौरान फायर ब्रिगेड कर्मियों ने प्रतिष्ठान संचालकों एवं उपस्थित लोगों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल सुरक्षा उपाय अपनाने, अग्निशामक यंत्रों का सही तरीके से उपयोग करने तथा समय रहते फायर ब्रिगेड को सूचना देने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विद्युत वायरिंग, गैस सिलेंडर एवं ज्वलनशील पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव पर भी विशेष ध्यान देने की अपील की गई।
इस जागरूकता अभियान में अग्निक चालक करण कुमार, अग्निक नीपू कुमारी तथा अग्निक कुमारी सोनी भारती शामिल रहे। टीम ने लोगों से अपील की कि अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा अपने प्रतिष्ठानों में आवश्यक अग्निशमन उपकरण अवश्य रखें।
फायर ब्रिगेड टीम ने बताया कि ऐसे फायर ऑडिट एवं जागरूकता अभियान का उद्देश्य संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम करना तथा आम लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।



Total Users : 10133414
Views Today : 2878