सिंघिया के परियोजना दुर्गा कन्या प्लस टू उच्च विद्यालय में लैब भवन निर्माण की गुणवत्ता पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने जांच की मांग की
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के सिंघिया नगर पंचायत स्थित परियोजना दुर्गा कन्या प्लस टू उच्च विद्यालय में निर्माणाधीन लैब भवन की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है, जिससे इसकी गुणवत्ता पर संदेह उत्पन्न हो रहा है।
स्थानीय निवासी मृत्युंजय कुमार सिंह समेत कई ग्रामीणों ने बताया कि निर्माणाधीन भवन के पिलरों में अपेक्षाकृत कम सरिया का उपयोग किया गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कार्य स्थल पर योजना से संबंधित सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। उन्होंने संबंधित विभाग के वरीय अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि शौचालय के आसपास झाड़ियां और जंगल उग आए हैं, जिससे छात्राओं एवं विद्यालय कर्मियों को विषैले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है।
इसके अलावा कुछ छात्राओं द्वारा टीसी (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) एवं अंकपत्र देने के नाम पर 150 रुपये लेने का आरोप भी लगाया गया है। इस संबंध में पूछे जाने पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) मनोज झा ने कहा कि अभी तक उन्हें कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि लिखित शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक राम कुमार ने बताया कि लैब भवन का निर्माण कार्य चल रहा है और उन्होंने कहा कि संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) की अनुपस्थिति में कार्य होना संतोषजनक स्थिति नहीं है। हालांकि, उन्होंने छात्राओं से प्रमाण पत्र के नाम पर किसी प्रकार की राशि वसूले जाने की जानकारी से अनभिज्ञता जताई।
इधर, विद्यालय विकास कोष एवं छात्र विकास कोष से राशि निकासी को लेकर भी स्थानीय स्तर पर चर्चाएं हैं। हालांकि इस संबंध में किसी सक्षम अधिकारी की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ग्रामीणों ने इस मामले की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।



Total Users : 10132614
Views Today : 97