विद्यालय पोषण कार्यक्रम एवं ई-शिक्षाकोष की समीक्षा बैठक आयोजित.
समस्तीपुर, 22 अगस्त 2026
जिला पदाधिकारी, समस्तीपुर के रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार, समस्तीपुर में जिले के सरकारी विद्यालयों में संचालित विद्यालय पोषण कार्यक्रम (अंकुरण) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर आवश्यक प्रविष्टियों को सुदृढ़ एवं शत-प्रतिशत पूर्ण कराने हेतु जिला स्तरीय समीक्षा-सह-उन्मुखीकरण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विद्यालय पोषण कार्यक्रम के प्रभावी संचालन, विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही पोषण संबंधी सुविधाओं, कार्यक्रम की नियमित निगरानी, गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन तथा ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर आवश्यक आंकड़ों एवं सूचनाओं की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालय पोषण कार्यक्रम का लाभ निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप सभी विद्यार्थियों तक नियमित रूप से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विद्यालय स्तर पर कार्यक्रम के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी एवं अनुश्रवण करने तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसका निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर विद्यालयों से संबंधित आवश्यक आंकड़ों एवं सूचनाओं की एंट्री की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पोर्टल पर लंबित सभी प्रविष्टियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए तथा दर्ज किए गए आंकड़ों की शुद्धता, पूर्णता एवं अद्यतन स्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय पोषण कार्यक्रम बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शैक्षणिक विकास एवं विद्यालय में नियमित उपस्थिति से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने क्षेत्रीय स्तर पर नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण करते हुए कार्यक्रम के वास्तविक क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लेने का भी निर्देश दिया।
उन्होंने ई-शिक्षाकोष पर उपलब्ध आंकड़ों को विभागीय योजनाओं एवं निर्णयों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों से संबंधित सूचनाओं की प्रविष्टि समयबद्ध एवं त्रुटिरहित तरीके से पूर्ण कराई जाए। साथ ही, विद्यालय स्तर पर कार्यरत संबंधित कर्मियों एवं पदाधिकारियों को आवश्यक उन्मुखीकरण एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह, सिविल सर्जन, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी तथा अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को विद्यालय पोषण कार्यक्रम एवं ई-शिक्षाकोष से जुड़े कार्यों में आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान, निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति तथा दोनों कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा एवं सतत अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों के हित से जुड़े इन महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

Total Users : 10191729
Views Today : 432