बिहार में 7 अभियंता निलंबित, एक मुख्य अभियंता पर विभागीय कार्रवाई; उपमुख्यमंत्री बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं
पटना। बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच जल संसाधन विभाग ने लापरवाही बरतने वाले अभियंताओं पर बड़ी कार्रवाई की है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि कार्य में शिथिलता और लापरवाही के मामले में एक कार्यपालक अभियंता, तीन सहायक अभियंता और दो कनीय अभियंताओं समेत कुल 7 अभियंताओं को निलंबित किया गया है।
इसके अलावा मुजफ्फरपुर के मुख्य अभियंता कुमार मनोज गुप्ता के खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू करने का निर्देश दिया गया है। वहीं एक एसीपी और एक कार्यपालक अभियंता को शोकॉज किया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि नेपाल में हुई भारी बारिश के कारण गंडक नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि हुई, जिससे कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी और चंपारण में कई स्थानों पर तटबंध क्षतिग्रस्त हुए। हालांकि, उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के साथ-साथ जहां अभियंताओं की लापरवाही सामने आई, वहां सरकार ने सख्त कार्रवाई की है।
उन्होंने कहा कि नदियों का जलस्तर अब घट रहा है, लेकिन कई स्थानों पर अभी भी पानी खतरे के निशान से ऊपर है। सरकार बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों और फसलों को हुए नुकसान पर भी नजर रख रही है।

Total Users : 10254011
Views Today : 1203