सिंघिया प्रखंड परिसर में आधार कार्ड सेंटर के सामने बाइक की डिक्की से 90 हजार रुपये चोरी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड परिसर स्थित आधार कार्ड सेंटर के सामने सोमवार को दिनदहाड़े बाइक की डिक्की से 90 हजार रुपये चोरी होने की घटना सामने आई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सिंघिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पीड़ित की पहचान सिंघिया थाना क्षेत्र के कुंडल-2 पंचायत अंतर्गत निमी गांव निवासी शबाना खातून के रूप में हुई है। पीड़िता ने बताया कि उन्होंने सोमवार को सिंघिया स्थित स्टेट बैंक से निजी लोन की किस्त जमा करने के लिए 90 हजार रुपये की निकासी की थी। इसके बाद उनके पति किसी आवश्यक कार्य से प्रखंड कार्यालय परिसर में चले गए और आधार कार्ड सेंटर के सामने बाइक खड़ी कर दी। वहीं शबाना खातून आधार कार्ड सेंटर के गेट के पास बैठी थीं।
इसी दौरान अज्ञात चोर ने मौका पाकर बाइक की डिक्की तोड़ दी और उसमें रखे 90 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद जब उनके पति वापस लौटे तो डिक्की टूटी हुई मिली और रुपये गायब थे। घटना की सूचना तत्काल सिंघिया थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी स्वाती कुमारी घटनास्थल पर पहुंचीं और प्रखंड कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोर की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपित की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



Total Users : 10151258
Views Today : 757