Explore

Search

March 3, 2026 10:49 am

मुजफ्फरपुर में जल संरक्षण एवं ग्रामीण विकास को नई गति देने की तैयारी,

मुजफ्फरपुर में जल संरक्षण एवं ग्रामीण विकास को नई गति देने की तैयारी,

जिलाधिकारी ने 2025-26 हेतु विस्तृत कार्ययोजना बनाने के दिए सख्त निर्देश
———————-
मुजफ्फरपुर, 24 नवम्बर —

जल संरक्षण, जल प्रबंधन और ग्रामीण विकास से जुड़े सभी विभागों को सक्रिय करते हुए जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सैनी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जल शक्ति भागीदारी अभियान की प्रगति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। डीएम ने स्पष्ट कहा कि मार्च 2026 तक सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करें। इसके लिए उन्होंने उप विकास आयुक्त को प्रखंडवार लक्ष्य तय कर साप्ताहिक समीक्षा करने तथा गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य निष्पादन का आदेश दिया।
दिसंबर के प्रथम सप्ताह में जिलाधिकारी स्वयं सभी योजनाओं की प्रगति की पुनः समीक्षा करेंगे।

जल निकायों के पुनर्जीवन को उच्च प्राथमिकता
———————
बैठक में डीएम ने लघु जल संसाधन विभाग, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग, कृषि विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को स्पष्ट दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जल निकायों—तालाब, आहर-पइन, चेक डैम एवं नालों—के पुनर्जीवन, सफाई तथा निर्माण कार्य को तेजी से पूर्ण किया जाए। उन्होंने लघु जल संसाधन विभाग और मत्स्य संसाधन विभाग की योजनाओं की जांच कर प्रतिवेदन देने को भी कहा।

जिलाधिकारी ने जिला कृषि पदाधिकारी को आहर-पइन, तालाब एवं चेक डैम निर्माण हेतु प्रस्ताव देने का निर्देश दिया ताकि किसानों को सिंचाई की सुविधाएं उपलब्ध हों तथा खेती में जल संरक्षण की दीर्घकालिक व्यवस्था विकसित की जा सके।

जल शक्ति भागीदारी अभियान: जल संरक्षण का जन-आंदोलन
———————-
जिलाधिकारी ने अभियान के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम जल संरक्षण, भू-जल रिचार्ज, सतही जलाशयों के पुनर्जीवन तथा समुदाय आधारित जल प्रबंधन को बढ़ावा देता है।
अभियान के मुख्य उद्देश्य हैं—
√वर्षा जल संचयन
√भूजल रिचार्ज
√तालाब-पोखर, आहर-पइन का पुनर्जीवन
√नदियों व नालों का कायाकल्प
√जल उपयोग दक्षता बढ़ाना
√जल गुणवत्ता निगरानी
√जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाना

उन्होंने कहा कि समुदाय की सक्रिय भागीदारी और विभागों के समन्वय से ही जल-संपदा को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखा जा सकता है।

नवनिर्मित सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा अनिवार्य
——————–
ऊर्जा बचत को बढ़ावा देते हुए डीएम ने ब्रेडा को निर्देश दिया कि जिले में बने नवनिर्मित सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने विशेष रूप से खेल भवन में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने को कहा ताकि सरकारी खर्च कम हो और अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा मिले।

मनरेगा और आवास योजनाओं की कड़ी निगरानी
———————-
ग्रामीण विकास के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सप्ताह में एक दिन मनरेगा योजनाओं तथा दूसरे दिन प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा उप विकास आयुक्त करें।
साथ ही वे फील्ड विजिट कर योजनाओं का भौतिक सत्यापन करने, कमजोर प्रदर्शन वाले प्रखंडों की पहचान कर उन्हें सुधारने तथा आवास सहायकों के साथ विशेष समीक्षा करने का निर्देश दिया गया।

मनरेगा से निर्मित खेल मैदानों को एक माह में हैंडओवर करने का आदेश
———————-
जिलाधिकारी ने मनरेगा के तहत निर्मित हो रहे खेल मैदानों की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्माणाधीन खेल मैदानों का प्रखंडवार निरीक्षण कराया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी खेल मैदानों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण के साथ एक माह के भीतर पूर्ण कर उपयोग के लिए उपलब्ध करा दिया जाए ताकि खिलाड़ी इसका लाभ उठा सकें।

ई-केवाईसी और आधार सीडिंग में तेजी लाने का आदेश
———————
बैठक में प्रखंडवार ई-केवाईसी और आधार सीडिंग की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिन प्रखंडों का प्रदर्शन अपेक्षित स्तर से कम पाया गया, उन्हें निर्धारित समयसीमा में सुधार लाने का निर्देश दिया गया।

डीआरडीए व डीडीसी द्वारा अलग-अलग दिनों में होगी समीक्षा
———————-
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि उप विकास आयुक्त तथा डीआरडीए निदेशक अलग-अलग दिनों में प्रखंडों की समीक्षा कर ग्रामीण विकास योजनाओं—मनरेगा, आवास, जीविका, शौचालय, जल संरक्षण, सड़क—में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें।
साथ ही फील्ड विजिट की संख्या बढ़ाने तथा वास्तविक उपलब्धि के साथ पारदर्शिता रखने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने कहा कि जल संरक्षण, ग्रामीण विकास और आधारभूत संरचनाओं की मजबूती से ही जिले के आर्थिक विकास की नींव मजबूत होगी। विभागों को निर्देश दिया गया है कि निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस प्रकार मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन 2025-26 में जल संरक्षण, ग्रामीण विकास व अक्षय ऊर्जा को लेकर व्यापक और परिणाममुखी दिशा में आगे बढ़ रहा है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!