Explore

Search

February 15, 2026 4:54 am

बिहार मैट्रिक परीक्षा, 17फरवरी से शुरू परीक्षार्थियों के लिए BSEB ने जारी किया बड़ा निर्देश

बिहार मैट्रिक परीक्षा, 17फरवरी से शुरू परीक्षार्थियों के लिए BSEB ने जारी किया बड़ा निर्देश

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति यानी बीएसईबी द्वारा आयोजित मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 का आयोजन 17 फरवरी से शुरू हो रहा है, जो 24 फरवरी तक चलेगा. परीक्षा को लेकर राज्य भर में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं.

बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी है. जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग के सहयोग से सुरक्षा, पारदर्शिता और अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. बोर्ड का स्पष्ट लक्ष्य है कि इस बार भी परीक्षा को पूरी तरह कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाए.

16 लाख से अधिक परीक्षार्थी : बिहार बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा में करीब 16 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल होंगे. इनमें नियमित और स्वतंत्र दोनों श्रेणियों के परीक्षार्थी सम्मिलित हैं. राज्य भर में कुल 1600 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है, जहां प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा होगी.
बोर्ड के अनुसार इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को देखते हुए सभी केंद्रों पर बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं. पहले दिन यानी 17 फरवरी को मैट्रिक परीक्षा का आगाज भाषा विषय यानी हिंदी/उर्दू की परीक्षा से होगा.

प्रश्न पत्र की सुरक्षित निगरानी : परीक्षा की तैयारियों को लेकर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने कई अहम कदम उठाए हैं. प्रश्नपत्रों की गोपनीय छपाई कराई गई है और उन्हें स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा गया है. प्रत्येक जिले में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी में की जा रही है.
10-10 सेट में प्रश्न पत्र : प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि समय पर सभी केंद्रों तक प्रश्नपत्र पहुंच सकें. इसके अलावा संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है. सभी विषय के 10-10 सेट में प्रश्न पत्र दोनों शिफ्ट के अनुसार प्रिंट कराए गए हैं.

CCTV की निगरानी में परीक्षा : परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. कई जिलों में लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है. कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरी परीक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी. किसी भी तरह की गड़बड़ी या शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

”तकनीक और प्रशासनिक निगरानी के जरिए नकल और अन्य अनुचित गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने का प्रयास किया गया है. जूता मोजा पहन कर परीक्षा केंद्र में प्रवेश वर्जित है. इसके अलावा छात्राओं का स्कॉर्फ पहन कर परीक्षा केंद्र में प्रवेश वर्जित है.”- आनंद किशोर, अध्यक्ष, BSEB

इलेक्ट्रॉनिक गैजेट वर्जित : परीक्षा से संबंधित गाइडलाइन भी बोर्ड की ओर से जारी कर दी गई है. सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा. बिना एडमिट कार्ड के किसी भी छात्र को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर या किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.

30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का गेट बंद होगा : परीक्षार्थियों के लिए विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं. छात्रों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 1 घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा, ताकि पहचान और तलाशी की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके. परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का गेट बंद हो जाएगा.

उत्तर पुस्तिका पर केवल निर्धारित स्थान पर ही विवरण भरने के निर्देश दिए गए हैं. उत्तर पुस्तिका पर परीक्षार्थी के फोटो और यूनिक आईडी नंबर अंकित रहेंगे. किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या कदाचार में लिप्त पाए जाने पर संबंधित परीक्षार्थी को परीक्षा से निष्कासित करने और आगे की परीक्षाओं से वंचित करने जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी. कदाचार रोकने के लिए उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है, जो औचक निरीक्षण कर परीक्षा केंद्रों की जांच करेगा.

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!