Explore

Search

June 9, 2026 11:38 am

बिहार में फिर ढहा पुल, बेतिया में 10 फीट हिस्सा नदी में समाया, कई गांवों का संपर्क टूटा

बिहार में फिर ढहा पुल, बेतिया में 10 फीट हिस्सा नदी में समाया, कई गांवों का संपर्क टूटा

बिहार में पुलों के ध्वस्त होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में एक बार फिर बड़ा हादसा सामने आया है, जहां धनौती नदी पर बना एक पुराना पुल अचानक भरभराकर गिर गया। पुल का करीब 10 फीट हिस्सा नदी में समा गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
जानकारी के अनुसार बखरिया चौक NH-727 से लालसरैया होते हुए करमवा और पूर्वी चंपारण को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग पर एक लोडेड ट्रैक्टर के गुजरने के दौरान पुल का हिस्सा धंस गया। हालांकि ट्रैक्टर चालक की जान बाल-बाल बच गई। बाद में जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल लंबे समय से जर्जर हालत में था। पुल के बीच में गड्ढे बन चुके थे और रेलिंग भी क्षतिग्रस्त थी। कई बार प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
पुल ध्वस्त होने से बखरिया, लालसरैया, करमवा, राजभार सहित करीब 10 गांवों और कई पंचायतों का संपर्क प्रभावित हो गया है। लोगों को अब लंबे वैकल्पिक मार्ग से यात्रा करनी पड़ रही है, जिससे समय और पैसे दोनों की अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यह पुल लगभग 35 वर्ष पुराना था। दो माह पूर्व इसकी खराब स्थिति को लेकर जिला प्रशासन को लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति भारी नाराजगी है। लोगों ने जल्द से जल्द वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था और नए पुल के निर्माण की मांग की है। लगातार पुलों के ध्वस्त होने की घटनाओं ने बिहार में निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!