राजकीय डिग्री महाविद्यालय सिंघिया में तीन दिवसीय अभिभावक-शिक्षक संवाद कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति पर दिया गया जोर
सिंघिया (समस्तीपुर): राजकीय डिग्री महाविद्यालय, सिंघिया में 2 से 4 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय अभिभावक-शिक्षक संवाद (Parents-Teacher Meeting) कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना, नियमित कक्षा संचालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति में अभिभावकों की भागीदारी सुनिश्चित करना था।
महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. सत्येन कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने भाग लिया। कार्यक्रम तीन दिनों तक विभागवार आयोजित किया गया। पहले दिन इतिहास एवं समाजशास्त्र, दूसरे दिन हिंदी एवं अंग्रेजी तथा तीसरे दिन राजनीति विज्ञान एवं अर्थशास्त्र विभाग के तत्वावधान में संवाद कार्यक्रम हुआ।
इस दौरान प्रभारी प्राचार्य डॉ. सत्येन कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना केवल महाविद्यालय प्रशासन और शिक्षकों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें अभिभावकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। नियमित कक्षा में उपस्थिति विद्यार्थियों के ज्ञान, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास का आधार है।
विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने अपने संबोधन में विषयगत शिक्षा, सामाजिक चेतना, भाषायी दक्षता, रोजगार की संभावनाओं, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं आर्थिक साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डाला। हिंदी विभाग के अवधेश कुमार ने हिंदी विषय में शिक्षण, पत्रकारिता, अनुवाद, लेखन और मीडिया सहित रोजगार की विभिन्न संभावनाओं की जानकारी दी। वहीं अंग्रेजी विभाग की अन्वेषा कुमारी ने अंग्रेजी भाषा एवं साहित्य की उपयोगिता बताई।
तीसरे दिन राजनीति विज्ञान विभाग की अपूर्वा कृति एवं प्रतीक दीप तथा अर्थशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापक कल्याणी कुमारी ने विद्यार्थियों को संवैधानिक चेतना, नागरिक कर्तव्यों और आर्थिक जागरूकता के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने भी अपने विचार एवं सुझाव साझा किए। शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति, अनुशासन और पढ़ाई के प्रति गंभीरता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी छह विभागों के शिक्षकों एवं अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के संयोजक अवधेश कुमार तथा सह-संयोजक डॉ. अंकलेश कुमार थे।

Total Users : 10309148
Views Today : 3582