Explore

Search

November 29, 2026 8:10 am

बल्लीपुर में देर रात तक गूंजा श्रीश्री ठाकुर अनुकूलचंद्र का जयघोष, विराट सत्संग समारोह में उमड़े श्रद्धालु

बल्लीपुर में देर रात तक गूंजा श्रीश्री ठाकुर अनुकूलचंद्र का जयघोष, विराट सत्संग समारोह में उमड़े श्रद्धालु

 

शिवाजीनगर

 

परम प्रेममय युगपुरुषोत्तम श्रीश्री ठाकुर अनुकूलचंद्र जी की भावधारा एवं उनके बताए आध्यात्मिक मार्ग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत बल्लीपुर गांव में शुक्रवार की देर रात विराट एवं भव्य सत्संग समारोह का आयोजन किया गया। प्रिया परम श्रीश्री अनुकूलचंद्र चर्याश्रम की शाखा शिवाजीनगर के तत्वावधान में आयोजित इस आध्यात्मिक कार्यक्रम में बिहार एवं पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, विद्वानों एवं भक्तों का आगमन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. नुनुकांत चौधरी एवं मोहनकांत चौधरी के सौजन्य से किया गया। समारोह में देर रात तक भक्ति, आध्यात्मिक चिंतन और सत्संग की अविरल धारा बहती रही। पूरा वातावरण श्रीश्री ठाकुर के जयघोष एवं भक्ति भाव से गुंजायमान रहा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में देवघर स्थित अध्यात्म चर्याश्रम सत्संग के पूज्यपद विद्युत रंजन चक्रवर्ती का शुभागमन हुआ। उनके आगमन पर श्रद्धालुओं एवं आयोजकों ने श्रद्धा और सम्मान के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल सहित बिहार के मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, रोसड़ा एवं अन्य क्षेत्रों से अनेक विद्वान वक्ताओं और सत्संग प्रेमियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

सत्संग समारोह में वक्ताओं ने मानवता के उत्थान, सद्गृहस्थ समाज के निर्माण तथा राष्ट्र की उन्नति में आध्यात्मिक जीवन की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि श्रीश्री ठाकुर अनुकूलचंद्र जी द्वारा प्रदत्त शिवकेंद्रित जीवन दर्शन मनुष्य को सदाचार, अनुशासन, सेवा, प्रेम और परस्पर सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। जीवन को सार्थक एवं आनंदमय बनाने के लिए सद्गुरु, संत नाम और सत्संग की अपरिहार्यता पर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि सद्गुरु के मार्गदर्शन में चलकर ही व्यक्ति अपने जीवन को सही दिशा दे सकता है और परिवार, समाज तथा राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान दे सकता है।

 

इस दौरान श्री मुकेश कुमार श्रीवास्तव, श्री गोपाल प्रसाद राय, श्री गोपाल तिवारी एवं श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव ने अपने विचारों के माध्यम से श्रीश्री ठाकुर की भावधारा, जीवन दर्शन एवं आध्यात्मिक संदेशों को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया। वक्ताओं ने श्रद्धालुओं से ठाकुर के बताए मार्ग पर चलने, जीवन में सद्गुणों को अपनाने तथा मानव सेवा को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। समारोह का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह भी रहा कि अनेक लोगों ने श्रीश्री ठाकुर द्वारा प्रदत्त संत नाम ग्रहण कर आध्यात्मिक जीवन की नई शुरुआत की। वहीं, कार्यक्रम के दौरान आयोजित आनंद बाजार में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। इससे समारोह में सामूहिकता, सेवा और समर्पण का भाव देखने को मिला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मोहन चौधरी ने की, जबकि संचालन श्याम मुरारी मिश्र ने कुशलतापूर्वक किया। मौके पर पश्चिम बंगाल से गोपाल तिवारी, प्रखंड केंद्र से कुमार राय, मुजफ्फरपुर से मुकेश कुमार श्रीवास्तव, मनोज कुमार श्रीवास्तव, समस्तीपुर से संजय मिश्रा (पुजारी, चर्याश्रम एलोथ), रोसड़ा से राम प्रसाद सिंह, शिवाजीनगर से डॉ. अरविंद कुमार, उमेश नारायण चौधरी, रामानंद चौहान, अवधेश ठाकुर सहित विभिन्न स्थानों से आए अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित थे। समारोह ने क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना, सद्भाव और सत्संग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!