*पटना में 28-29 नवंबर को प्रीमियर स्कूल्स एग्जीबिशन, 35 से अधिक बोर्डिंग स्कूल हुए शामिल*
*अभिभावकों को एक ही मंच पर देश के प्रतिष्ठित स्कूलों की शिक्षा, हॉस्टल, सुरक्षा और प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी मिलेगी*
पटना। बच्चों के बेहतर भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सही स्कूल का चयन अभिभावकों के सामने एक महत्वपूर्ण चुनौती है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए प्रीमियर स्कूल्स एग्जीबिशन (पीएसई) का आयोजन 28 और 29 नवंबर को पटना के लेमन ट्री प्रीमियर होटल में किया जा रहा है। वही कार्यक्रम का उद्घाटन जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव श्री हर्षवर्धन सिंह के द्वारा किया गया।प्रदर्शनी सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक चलेगी। इसमें देश के 35 से अधिक प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूल हिस्सा लेंगे।
प्रदर्शनी में बिहार और आसपास के राज्यों के अभिभावकों को देश के विभिन्न हिस्सों में संचालित प्रतिष्ठित बोर्डिंग स्कूलों के बारे में एक ही स्थान पर जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इसमें पारंपरिक प्रतिष्ठित स्कूलों के साथ आधुनिक सुविधाओं वाले संस्थान, इंटरनेशनल स्कूल तथा अंतरराष्ट्रीय पाठ्यक्रम उपलब्ध कराने वाले विद्यालय भी शामिल होंगे। इससे अभिभावकों को स्कूलों की तुलना करने और बच्चों की जरूरत के अनुसार बेहतर विकल्प चुनने में सहूलियत होगी।
प्रदर्शनी की खासियत यह है कि अभिभावक स्कूलों के प्रमुख, प्रिंसिपल और वरिष्ठ प्रवेश अधिकारियों से सीधे संवाद कर सकेंगे। इस दौरान स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम, हॉस्टल सुविधाएं, बच्चों की सुरक्षा, देखभाल, खेलकूद, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों, नेतृत्व विकास और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। प्रदर्शनी में श्रीयूसबरी इंटरनेशनल स्कूल इंडिया और यूनिसन वर्ल्ड स्कूल समेत विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों की भागीदारी होगी।
आयोजकों के अनुसार, बोर्डिंग स्कूलों में बच्चों को केवल अकादमिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मनिर्भरता, जिम्मेदारी, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर भी मिलता है। आवासीय वातावरण में बच्चे दैनिक जीवन के कार्यों को स्वयं करना, समय का प्रबंधन और सामूहिक रूप से रहना सीखते हैं। इससे उनके व्यक्तित्व के समग्र विकास में मदद मिलती है।
प्रदर्शनी के माध्यम से अभिभावक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पाठ्यक्रम, शिक्षण पद्धति, विद्यालय के वातावरण और उपलब्ध सुविधाओं को समझ सकेंगे। इसका उद्देश्य अभिभावकों को स्कूल चयन से संबंधित जरूरी जानकारी उपलब्ध कराना तथा बच्चों की रुचि, क्षमता और भविष्य के लक्ष्यों के अनुरूप बेहतर शैक्षणिक विकल्प चुनने में मदद करना है। बिहार में बोर्डिंग शिक्षा के प्रति बढ़ती रुचि के बीच यह प्रदर्शनी अभिभावकों के लिए एक उपयोगी मंच साबित होने की उम्मीद है।

Total Users : 10363848
Views Today : 1581