सिंघिया में शिक्षक सचिन कुमार निलंबित! ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर फर्जी उपस्थिति दर्ज करने का आरोप
समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय अकौना में पदस्थापित शिक्षक सचिन कुमार को जिला शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर बिना सूचना विद्यालय से अनुपस्थित रहने और ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर फोटो से फोटो लेकर फर्जी उपस्थिति दर्ज करने का आरोप है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी, समस्तीपुर से 28 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सिंघिया द्वारा 19 नवंबर को विद्यालय का निरीक्षण किया गया था। इस दौरान शिक्षक सचिन कुमार 18 नवंबर से बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए।
इसके बाद ई-शिक्षाकोष पोर्टल की जांच में 18 नवंबर से 21 नवंबर 2026 तक फोटो से फोटो लेकर उपस्थिति दर्ज किए जाने की बात सामने आई। इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन निर्धारित स्पष्टीकरण उपलब्ध नहीं कराया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 के प्रावधानों के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया है।
निलंबन अवधि के दौरान शिक्षक का मुख्यालय शिवाजीनगर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता भी दिया जाएगा। विभाग ने बताया है कि आरोप पत्र अलग से जारी किया जाएगा।
P News | सिंघिया, समस्तीपुर

Total Users : 10363848
Views Today : 1581