कटिहार में अधिवक्ता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, बाजार में वारदात से मचा हड़कंप
कटिहार। बिहार के कटिहार जिले में सोमवार को दिनदहाड़े एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात नगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली स्थित पटेल चौक के पास हुई, जहां बदमाशों ने बीच बाजार अधिवक्ता गुड्डू अंसारी को निशाना बनाया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने अधिवक्ता को घेरकर गोली मारी। गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, कुछ महीने पहले न्यायालय परिसर में विवाद हुआ था और उस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि उसी पुराने विवाद को लेकर हत्या की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सदर डीएसपी विशाल आनंद ने बताया कि घटना से जुड़े सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दिनदहाड़े हुई हत्या पर चिंता जताते हुए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Total Users : 10253882
Views Today : 732