Explore

Search

June 27, 2026 12:18 pm

BPSC में सफलता के बाद 26वर्ष में ही सीमा बनी DSP, पैतृक गांव बेला में ग्रामीणों ने मनाया जश्न

BPSC में सफलता के बाद सीमा कुमारी बनी DSP, पैतृक गांव बेला में ग्रामीणों ने मनाया जश्न

बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड अंतर्गत बेला गांव की बेटी सीमा कुमारी ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में सफलता हासिल कर डीएसपी पद प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सीमा की इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव बेला में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर और एक-दूसरे को बधाई देकर जश्न मनाया।
बेला गांव निवासी परमेश्वर साहू की 26 वर्षीय पुत्री सीमा कुमारी ने अपने पहले ही प्रयास में यह सफलता हासिल की है। वर्तमान में उनके पिता दरभंगा जिले के ब्रह्मपुर गांव में रहते हैं और कटवारा में कपड़े की दुकान चलाते हैं। बेटी की सफलता से परिवार और गांव में गर्व का माहौल है।
सीमा की सफलता पर बेला गांव के सुभाष राय, राम विनोद साहू, उप प्रमुख रिंकू सिंह, लालन साहू, मुखिया पति लखी कमती सहित कई ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सीमा कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और परिवार के सहयोग को दिया। उनकी मां ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि उनका बड़ा बेटा इंजीनियर है, दूसरा बेटा नेवी में कार्यरत है और अब बेटी सीमा भी डीएसपी बन गई है, जिससे पूरा परिवार गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
सीमा की मौसी ने भी उनकी सफलता पर खुशी व्यक्त की। सीमा ने तैयारी को लेकर बताया कि आज के समय में ऑनलाइन माध्यम और यूट्यूब के जरिए भी बेहतर पढ़ाई की जा सकती है। उन्होंने कहा कि खाने-पीने और सोने के समय को छोड़कर बचा हुआ अधिकांश समय वह पढ़ाई में लगाया करती थीं।
सीमा कुमारी की मेहनत और लगन ने साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प और लगातार प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता से सिंघिया प्रखंड सहित पूरे समस्तीपुर जिले में खुशी की लहर है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!