विष्णुपुर डीहा में मनरेगा कार्य में जेसीबी से काम कराने का आरोप, जांच का आश्वासन
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड स्थित विष्णुपुर डीहा पंचायत में मनरेगा योजना के तहत कराए गए कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मनरेगा के कार्यों में मजदूरों के बजाय जेसीबी एवं अन्य मशीनरी यंत्रों का उपयोग किया गया। साथ ही मजदूरों के खातों में भेजी गई राशि को वापस वसूलने का भी आरोप लगाया गया है।
यह मामला उस समय सामने आया जब पंचायत में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी शिकायत सीधे अधिकारियों के समक्ष रखी। मौके पर उपस्थित जिला बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं इस संबंध में मौजूद मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ) जितेंद्र कुमार ने कोई टिप्पणी करने से परहेज किया। शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक रंजन, बीपीआरओ कृष्ण कुमार सिंह, पीएचसी प्रभारी डॉ. एम.एम. अंसारी, अंचलाधिकारी सरिता रानी तथा मनरेगा पीटीए सतेंद्र पाठक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए ताकि मनरेगा योजना का लाभ वास्तविक मजदूरों तक पहुंच सके।






Total Users : 10109364
Views Today : 4053