कटिहार में बड़ा सड़क हादसा: NH-31 पर मजदूरों से भरी बस पलटी, 35 से अधिक घायल
कटिहार: बिहार के कटिहार जिले में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) पर पश्चिम बंगाल जा रही मजदूरों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में 35 से अधिक यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बस में सवार यात्री नवादा जिले के ईंट-भट्ठों में मजदूरी करने के बाद पश्चिम बंगाल के कूचबिहार (दिनहाटा) अपने घर लौट रहे थे। बस में करीब 40 से 60 यात्री सवार थे, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामने से आ रही एक कार को बचाने के दौरान बस चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।
गंभीर रूप से घायल यात्रियों को इलाज के लिए पूर्णिया मेडिकल कॉलेज और सदर अस्पताल रेफर किया गया है। कुछ घायलों का निजी अस्पतालों में भी इलाज चल रहा है।
घायल यात्रियों ने बताया कि कई लोगों के हाथ-पैर में चोट आई है। फिलहाल हादसे में किसी की मौत की सूचना नहीं है, लेकिन कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कोढ़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य चलाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को हटाकर यातायात बहाल कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।




Total Users : 10117636
Views Today : 3075