वैशाली में घूस लेते क्लर्क गिरफ्तार, निगरानी टीम ने ₹2 हजार रिश्वत के साथ दबोचा
वैशाली, बिहार: वैशाली जिले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाजीपुर अनुमंडल आपूर्ति कार्यालय के लिपिक सुमन सौरभ को ₹2,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद समाहरणालय परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, लालगंज प्रखंड के लक्ष्मीनारायणपुर निवासी पीडीएस दुकानदार किशन कुमार की दुकान का लाइसेंस न्यायालय के आदेश से बहाल हुआ था। आरोप है कि फाइल आगे बढ़ाने के एवज में लिपिक सुमन सौरभ ने ₹2,000 की रिश्वत मांगी थी।
दुकानदार ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की। सत्यापन के बाद मंगलवार को निगरानी की टीम ने जाल बिछाकर लिपिक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी विभाग के डीएसपी सतीश चंद्र माधव ने बताया कि शिकायत सही पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए पटना ले जाया गया, जहां उसे निगरानी कोर्ट में पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद जिला प्रशासनिक महकमे में चर्चा का माहौल है और मामले की जांच जारी है।



Total Users : 10145347
Views Today : 3640