सिंघिया की हरदिया व नीरपुर भरड़िया पंचायत में 4 अगस्त को लगेगा सहयोग शिविर, बीडीओ विवेक रंजन ने किया स्थलों का निरीक्षण
सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायत, समस्या और सुझाव के लिए ग्रामीणों से पहले ही आवेदन देने की अपील
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड अंतर्गत आगामी 04 अगस्त 2026 (मंगलवार) को दो पंचायतों में “सहयोग शिविर” का आयोजन किया जाएगा। शिविर के सफल आयोजन को लेकर प्रखंड प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत राज हरदिया में पंचायत भवन हरदिया परिसर में सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक सहयोग शिविर आयोजित होगा। वहीं ग्राम पंचायत राज नीरपुर भरड़िया में उत्क्रमित मध्य विद्यालय नीरपुर भरड़िया के प्रांगण में दोपहर 1:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक शिविर लगाया जाएगा।
शिविर की तैयारियों का जायजा लेने के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विवेक रंजन ने दोनों पंचायतों के निर्धारित शिविर स्थलों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बीडीओ के निर्देश पर हरदिया एवं नीरपुर भरड़िया पंचायतों में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। पंचायतों में लाउडस्पीकर एवं माइकिंग के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं से संबंधित शिकायत, समस्या एवं सुझाव को लेकर शिविर से पहले ही पंचायत कार्यालय में आवेदन जमा करने की अपील की जा रही है।
प्रखंड प्रशासन द्वारा शिविर के सफल संचालन को लेकर प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पत्र के माध्यम से सूचना दे दी गई है। प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से सहयोग शिविर में भाग लेकर अपनी समस्याओं के समाधान एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।

Total Users : 10170355
Views Today : 3758