समस्तीपुर कॉलेज में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ, डीएम ने किया उद्घाटन
समस्तीपुर, 06 अक्टूबर 2026। समस्तीपुर कॉलेज परिसर में कला संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम का मंगलवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिभागियों, कलाकारों, पदाधिकारियों एवं कला प्रेमियों ने भाग लिया।
उत्सव के दौरान गायन, वादन, नृत्य, वक्तृता सहित विभिन्न कला एवं सांस्कृतिक विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों को लेकर कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने कहा कि कला एवं संस्कृति हमारी समृद्ध विरासत, परंपराओं और सामाजिक पहचान का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे आयोजन युवाओं एवं प्रतिभाशाली कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और उसे निखारने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि समस्तीपुर की सांस्कृतिक विरासत काफी समृद्ध है और जिले में विभिन्न कला विधाओं में प्रतिभावान युवा मौजूद हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने की अपील की।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, आयुक्त गौतम कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्रीमती जूही कुमारी, विशेष कार्य पदाधिकारी अली एकराम, अधीक्षक मद्य निषेध मनोज कुमार सिंह एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार राय सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्रीमती जूही कुमारी ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं आयोजन की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा उत्सव के माध्यम से जिले की कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने गायन एवं वादन के जरिए संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, वहीं नृत्य और वक्तृता के माध्यम से अपनी रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति क्षमता का प्रदर्शन किया। मंच संचालन श्री अनंत कुमार राय ने प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया।
समस्तीपुर कॉलेज परिसर में आयोजित यह दो दिवसीय युवा उत्सव कला, संस्कृति, प्रतिभा एवं रचनात्मकता का संगम बनकर उभर रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ युवाओं को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

Total Users : 10253886
Views Today : 737