बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराधियो का तांडव थमने का नाम नही ले रहा है। कटरा थाना क्षेत्र के जजुआर ओपी इलाके में इंटर की छात्रा के अपहरण मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, लेकिन अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे। फरार होने के दौरान बदमाशों ने हथियार के बल पर एक राहगीर से बाइक लूट ली और उसी बाइक से भाग निकले। घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दिशा-निर्देश दिए। पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस को देखते ही की फायरिंग
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि अपहरण के मामले में आरोपी उत्तम राय अपने साथियों के साथ जजुआर ओपी क्षेत्र के चैनपुर गाछी में छिपा हुआ है। पुलिस टीम जैसे ही वहां पहुंची, बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई। फायरिंग के बावजूद बदमाश पुलिस की पकड़ में नहीं आ सके। बताया जा रहा है कि भागने के दौरान अपराधियों ने रास्ते में एक व्यक्ति को हथियार का भय दिखाकर उसकी बाइक लूट ली और उसी से फरार हो गए।
इलाके में की गयी नाकेबंदी
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर वाहन जांच अभियान चलाया। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों द्वारा कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने मौके से कारतूस, मोबाइल फोन और वाईफाई उपकरण समेत अन्य सामान बरामद किए हैं।
उत्तम राय के खिलाफ हैं कई मामले दर्ज
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि आरोपी उत्तम राय के खिलाफ सीतामढ़ी और दरभंगा में भी मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, इसी साल फरवरी में जजुआर ओपी क्षेत्र में चारपहिया वाहन सवार एक युवती के अपहरण का मामला दर्ज हुआ था। उत्तम राय एक पेशेवर और शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और दरभंगा के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी और अपहरण समेत 13 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मुजफ्फरपुर से संजीव कुमार की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें-
भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में अब तक पुलिसवालों पर क्या कार्रवाई हुई? ADG ने दी जानकारी
भरत तिवारी एनकाउंटर केस में हो गई बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में शामिल पुलिसवालों के खिलाफ FIR दर्ज

Total Users : 10183825
Views Today : 4194