Explore

Search

August 16, 2026 12:47 pm

IIT Engineer Abhishek Mishra News: लाखों का पैकेज छोड़ बने बाबा, गंभीर आरोपों में पहुंचे जेल

IIT से इंजीनियरिंग, लाखों का पैकेज छोड़ बना ‘बाबा’, अब गंभीर आरोपों में जेल पहुंचा अभिषेक मिश्रा

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में कथित आईआईटीयन बाबा अभिषेक मिश्रा उर्फ आदिकर्ता नारायण दास का मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस के अनुसार अभिषेक मिश्रा ने IIT रुड़की से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद मुंबई की एक निजी कंपनी में लाखों रुपये के वार्षिक पैकेज पर नौकरी की थी, लेकिन बाद में नौकरी छोड़कर मथुरा के राधाकुंड में रहने लगा।
बताया जाता है कि वर्ष 2023 में उसने अध्यात्म और आश्रम जीवन को अपनाते हुए खुद को आध्यात्मिक गुरु के रूप में स्थापित करना शुरू किया। आरोप है कि उसने सोशल मीडिया और प्रवचनों के माध्यम से युवाओं के बीच अपनी पहचान बनाई तथा कई युवक-युवतियों को अपने प्रभाव में ले लिया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब एक युवती ने पुलिस से शिकायत कर अभिषेक मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उसके साथ बीटेक, एमटेक और एमबीए जैसे पेशेवर पाठ्यक्रमों से जुड़े शिक्षित युवाओं की एक टीम काम कर रही थी।
पुलिस का दावा है कि अभिषेक मिश्रा खुद को भगवान श्रीकृष्ण का अवतार बताता था और इसी प्रभाव का उपयोग कर लोगों का विश्वास जीतता था। जांच में कुछ युवक-युवतियों के कथित गंधर्व विवाह कराने और युवतियों के शोषण जैसे आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।
मामले में एक कथित वायरल ऑडियो भी सामने आया है, जिसमें उसकी मां बेटे को गलत रास्ता छोड़ने की भावुक अपील करती सुनाई देती हैं। हालांकि इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल अभिषेक मिश्रा न्यायिक हिरासत में जेल में है और पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!