औरंगाबाद में 50 हजार रुपये घूस लेते दारोगा गिरफ्तार, विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई
औरंगाबाद, बिहार: बिहार के औरंगाबाद जिले के रिसियप थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर (दारोगा) उमेश कुमार सिंह को निगरानी (विजिलेंस) विभाग की टीम ने 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, तेंदुआ गणपत गांव निवासी डॉ. लक्ष्मण राम ने निगरानी विभाग से शिकायत की थी कि जमीन विवाद से जुड़े मारपीट के मामले में जांच कर रहे दारोगा उमेश कुमार सिंह केस में राहत देने के बदले रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि शुरुआत में दारोगा ने डेढ़ लाख रुपये मांगे थे, बाद में एक लाख रुपये में सौदा तय हुआ। पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये लेते समय विजिलेंस टीम ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।
डॉ. लक्ष्मण राम ने यह भी आरोप लगाया कि दारोगा कभी मुलाकात के दौरान नारियल पानी, पेड़ा और आम मंगवाते थे तथा रुपये नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते थे।
निगरानी डीएसपी संतोष कुमार ने बताया कि शिकायत का सत्यापन कराने के बाद जाल बिछाया गया और आरोपी दारोगा को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Total Users : 10171111
Views Today : 1919