सिवान डीएम की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न
समाहरणालय, सिवान के संवाद कक्ष में विजय प्रकाश मीणा, भा0प्र0से0, जिला पदाधिकारी, सिवान की अध्यक्षता में जिला उद्योग केन्द्र, जिला निबंधन एवं परामर्श केन्द्र, श्रम संसाधन विभाग एवं निबंधन विभाग से संबंधित संयुक्त रूप से समीक्षात्मक बैठक आहूत की गयी।
जिला उद्योग केन्द्र द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा के क्रम में जिला में औद्योगिक विकास, स्वरोजगार सृजन और निवेश को बढ़ावा देने वाली प्रमुख योजनाओं के बारे में समीक्षा की गयी। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत जिन आवेदनों की स्वीकृति हो चुकी है उन्हें शीघ्र वितरण कराने का निदेश दिया। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना की समीक्षा के क्रम में यह देखा गया कि लाभुकों को दिये जाने वाले प्रथम किस्त, द्वितीय किस्त एवं तृतीय किस्त में तुलनात्मक रूप से काफी अंतर पाया गया जिसके अंतर को कम करने हेतु त्वरित गति से आवश्यक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया। जिलाधिकारी, सिवान ने महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र को बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज 2025 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निदेश दिया ताकि जिले में बड़े उद्योगों को आकर्षित कर प्रत्यक्ष रोजगार के नये अवसर सृजित किये जा सके।
उन्होंने श्रम संसाधन विभाग के द्वारा संचालित योजनाओं के समीक्षा के क्रम में श्रम अधीक्षक, सिवान को निदेश दिया कि धावा दल गठित कर शहर के सभी होटल, रेस्टोरेन्ट, बस स्टैण्ड एवं अन्य स्थानों आदि पर छापेमारी की कार्रवाई करना सुनिश्चित करें ताकि बाल श्रमिकों को मुक्त कराया जा सके। उन्होंने इसी क्रम में निबंधन विभाग के जिला अवर निबंधन पदाधिकारी से उनके विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा कर कई आवश्यक निदेश दिया।
जिलाधिकारी, सिवान ने जिला निबंधन एवं परामर्श केन्द्र के विभिन्न योजनाओं के समीक्षा के क्रम में बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना एवं कुशल युवा कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों एवं निष्पादन के बारे में विस्तृत जानकारी लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निदेश दिया कि प्राप्त आवेदनों का ससमय एवं त्वरित निष्पादन करना सुनिश्चित किया जाये ताकि पात्र लाभुकों को अनावश्यक विलम्ब के बिना लाभ प्राप्त हो सके।

Total Users : 10230885
Views Today : 1907