Explore

Search

December 10, 2025 11:41 am

उत्तरी कोयल जलाशय परियोजना में आएगी तेज़ी – मुख्य सचिव ने दिए कड़े निर्देश

उत्तरी कोयल जलाशय परियोजना में आएगी तेज़ी – मुख्य सचिव ने दिए कड़े निर्देश

 

उत्तरी कोयल जलाशय परियोजना की प्रगति को गति देने के उद्देश्य से बिहार के मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में आज समीक्षा बैठक आयोजित की गई। लगभग 1367.61 करोड़ रुपये की लागत से बन रही यह अंतर-राज्यीय सिंचाई परियोजना बिहार और झारखंड दोनों ही राज्यों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। परियोजना पूरा होने के बाद गया और औरंगाबाद जिलों में सिंचाई क्षमता बढ़ेगी तथा कृषि उत्पादन को बड़ा लाभ होगा।

बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि भूमि अधिग्रहण की पूरी प्रक्रिया 15 दिसंबर 2025 तक हर हाल में पूरी कर ली जाए। उन्होंने दोनों जिलों के जिलाधिकारियों को आदेश दिया कि रैयतों के भुगतान की प्रक्रिया तेजी से जारी रखी जाए, ताकि भूमि उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य बिना रुकावट के जारी रहे।

मुख्य सचिव ने जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे गया और औरंगाबाद के जिला प्रशासन से लगातार समन्वय बनाए रखें। उन्होंने कहा कि परियोजना की महत्वता को देखते हुए काम में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और सभी विभाग एकजुट होकर समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे करें।

बैठक में जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव श्री संतोष कुमार मल, योजना एवं विकास विभाग के प्रधान सचिव श्री के. सेंथिल कुमार, गया और औरंगाबाद के जिलाधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी तथा WABCOS के प्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि इस परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि किसान लाभान्वित हो सकें।

यह परियोजना पूरे क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था और कृषि विकास के लिए गेम-चेंजर साबित होने की उम्मीद है।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!