Explore

Search

August 16, 2026 12:45 pm

सिंघिया में चार दुकानों का ताला तोड़ लाखों की चोरी, लोगों ने की डॉग स्क्वॉड व FSL टीम बुलाने की मांग

सिंघिया में चार दुकानों का ताला तोड़ लाखों की चोरी, लोगों ने की डॉग स्क्वॉड व FSL टीम बुलाने की मांग

 

 

बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंघिया नगर पंचायत में भारतीय स्टेट बैंक के समीप सोमवार की देर रात अज्ञात चोरों ने चार दुकानों का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में पुलिस गश्ती को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने अमित कुमार सिंह की सीएससी दुकान, विजय कुमार राय के साइबर कैफे, राम उदगार राय की पान दुकान तथा राजीव कुमार के ब्यूटी पार्लर को निशाना बनाया। दुकानदारों का कहना है कि चोर नगद राशि, बैटरी, इन्वर्टर सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए, जिससे लाखों रुपये की क्षति हुई है।

मंगलवार सुबह जब चारों दुकानदार अपनी-अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान का अगला हिस्सा टूटा हुआ मिला। इसके बाद उन्होंने तत्काल सिंघिया थाना पुलिस को सूचना दी और घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड एवं एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को बुलाने की मांग की।

सूचना मिलते ही सिंघिया थाना के पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार सिंह, मिथुन कुमार और राजहंस कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती में कमी का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की।

इस संबंध में सिंघिया थाना अध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना प्राप्त हुई है। मामले की जांच के लिए डीआईयू टीम और एफएसएल टीम को बुलाया जा रहा है। वैज्ञानिक तरीके से जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!