सिंघिया पीएचसी में विशेष स्वास्थ्य मेला आयोजित, परिवार नियोजन एवं स्वच्छता को लेकर आशा-एएनएम को किया गया जागरूक

बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) सिंघिया में सोमवार को विशेष स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एम. एम. अंसारी ने की। इस अवसर पर आशा कार्यकर्ताओं एवं एएनएम को परिवार नियोजन, स्वच्छता और मातृ स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अंसारी ने कहा कि महिलाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों की सही जानकारी देना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने आशा एवं एएनएम से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करें तथा इच्छुक दंपतियों को बंध्याकरण ऑपरेशन सहित अन्य अस्थायी परिवार नियोजन के साधनों के बारे में सही परामर्श दें।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनसंख्या स्थिरीकरण एवं सुरक्षित मातृत्व संबंधी योजनाओं को सफल बनाने में आशा और एएनएम की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाएं।
कार्यक्रम में हेल्थ मैनेजर प्रभात कुमार प्रसून, बीसी राहुल कुमार गौरव, कन्हैया कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। सभी ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने का संकल्प लिया।



Total Users : 10151257
Views Today : 755