अबू धाबी एयरपोर्ट पर रसकदम मिठाई बनी मुसीबत, नवादा के युवक को हिरासत में लिया गया
नवादा (बिहार): बिहार के नवादा जिले के एक युवक को अबू धाबी एयरपोर्ट पर रसकदम मिठाई ले जाना भारी पड़ गया। मिठाई पर लगे पोस्ता दाना (खसखस) को लेकर सुरक्षा अधिकारियों ने आपत्ति जताई और पूछताछ के बाद युवक को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है और वे भारतीय दूतावास से मदद की गुहार लगा रहे हैं।
22 जुलाई को अबू धाबी के लिए हुआ था रवाना
जानकारी के अनुसार, पकरीबरावां प्रखंड के धमौल थाना क्षेत्र के तुर्कबन गांव निवासी सतीश कुमार, पिता सुधीर पासवान, 22 जुलाई को पटना से अहमदाबाद होते हुए अबू धाबी के लिए रवाना हुए थे। वह अपने परिचितों के लिए धमौल बाजार से खरीदी गई रसकदम मिठाई साथ लेकर गए थे।
पोस्ता दाना बना हिरासत की वजह
परिजनों के अनुसार, अबू धाबी एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान अधिकारियों ने मिठाई पर लगे पोस्ता दाना को लेकर आपत्ति जताई। इसके बाद सतीश कुमार से पूछताछ की गई और उन्हें हिरासत में ले लिया गया। परिवार का कहना है कि उन्हें यूएई के सख्त नियमों की जानकारी नहीं थी।
भारतीय दूतावास से लगाई मदद की गुहार
घटना के बाद परिजन भारतीय दूतावास और संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर कानूनी सहायता की मांग कर रहे हैं। परिवार को उम्मीद है कि सतीश कुमार की जल्द सुरक्षित रिहाई होगी।
भारत में वैध, लेकिन कई देशों में प्रतिबंधित है खसखस
भारत में पोस्ता दाना (खसखस) का उपयोग मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में सामान्य रूप से किया जाता है और इसका इस्तेमाल वैध है। हालांकि, यूएई, सिंगापुर और कुछ अन्य देशों में इसे प्रतिबंधित या कड़े नियंत्रण वाली वस्तु माना जाता है। ऐसे देशों में इसे बिना अनुमति ले जाना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।
विदेश यात्रा से पहले रखें इन बातों का ध्यान
फूड इंस्पेक्टर अजय कुमार ने यात्रियों को सलाह दी है कि विदेश यात्रा से पहले संबंधित देश के कस्टम नियमों और प्रतिबंधित वस्तुओं की जानकारी अवश्य लें। अनजाने में भी प्रतिबंधित खाद्य सामग्री साथ ले जाना कानूनी परेशानी खड़ी कर सकता है।
P News की अपील: विदेश यात्रा से पहले संबंधित देश के कस्टम और इम्पोर्ट नियमों की जानकारी जरूर प्राप्त करें, ताकि ऐसी अप्रिय घटनाओं से बचा जा सके।

Total Users : 10165047
Views Today : 2612