सिंघिया में सड़क हादसा, तीन लोग घायल; सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर DMCH रेफर
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के खैरपुरा गांव के पास स्टेट हाईवे-88 पर बाइक हादसे में तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सिंघिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में भर्ती कराया गया।
घायलों की पहचान दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी मो. कमरे आलम के पुत्र मो. इरफान आलम, सिंघिया थाना क्षेत्र के धनहो निवासी बिरजू पासवान के पुत्र सुमित पासवान तथा खैरपुरा गांव निवासी मल्हू पंडित के पुत्र रामवृक्ष पंडित, जो सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर बताए गए हैं, के रूप में हुई है।
PHC में मौजूद डॉक्टर अविनाश तिवारी ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। रामवृक्ष पंडित की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) रेफर कर दिया गया।
बताया गया कि रामवृक्ष पंडित बाइक से स्टेट हाईवे-88 पर जा रहे थे। इसी दौरान बहेड़ी की ओर से तेज रफ्तार में बाइक से सिंघिया की ओर जा रहे युवकों की बाइक का संतुलन बिगड़ गया और उसने रामवृक्ष पंडित को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए।
सिंघिया थानाध्यक्ष श्याम कुमार मेहता ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच के लिए पुलिस पदाधिकारी को घटनास्थल पर भेजा गया है।

Total Users : 10217886
Views Today : 3723