दामाद ने की सास की गला रेतकर हत्या, आरोपी ने साली पर भी किया जानलेवा हमला
बिहार के मुजफ्फरपुर में महिला की हत्या से हड़कंप मच गया है. आरोप उसके दामाद पर लगा है. बीच-बचाव में एक लड़की भी जख्मी हुई है, जो मृतक की बेटी बताई जा रही है. वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश शुरू कर दी है. मामला जिले के मनियारी थाना क्षेत्र स्थित चैनपुर गांव का है.
दामाद ने की सास की हत्या: मृतका की पहचान 50 वर्षीय शकीला खातून के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक शकीला अपने गांव के चवर में धान कटाई का काम कर रही थीं. उसी दौरान उसका दामाद (आगानगर गांव निवासी) मोहम्मद नौशाद वहां पहुंचा और हाथ में दबिया लेकर उन पर हमला कर दिया.
महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसको जमीन पर पटक दिया और गला रेत दिया. इस दौरान शकीला की 14 वर्षीय बेटी तरन्नुम परवीन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया. उसे सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं.
स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशोरी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है. वहीं, सूचना मिलने पर मनियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया.
पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी नौशाद अमरख गांव की ओर फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले दो दिनों से ससुराल पक्ष में विवाद चल रहा था, उसी के चलते दामाद ने इस घटना को अंजाम दिया.



Total Users : 10125635
Views Today : 1128