Explore

Search

September 20, 2026 8:31 pm

भवाली में यातायात जागरूकता रैली, छात्रों व आमजन को नियमों का दिया संदेश

भवाली में यातायात जागरूकता रैली, छात्रों व आमजन को नियमों का दिया संदेश

न्यूज रिपोर्ट:
हल्द्वानी/नैनीताल, 13 फरवरी 2026: सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चल रहे सड़क सुरक्षा माह के तहत नैनीताल पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली भवाली और यातायात पुलिस की टीम ने डेविटो हायर सेकेंड्री स्कूल भवाली के छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर यातायात जागरूकता रैली निकाली।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर तथा एसपी ट्रैफिक डॉ. जगदीश चन्द्र के पर्यवेक्षण में आयोजित इस रैली की शुरुआत नगर पालिका ग्राउंड भवाली से हुई, जो मुख्य बाजार होते हुए चौराहा भवाली तक पैदल मार्च के रूप में निकाली गई। रैली के दौरान “सड़क सुरक्षा—जीवन रक्षा” थीम के साथ आमजनमानस और वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया।
यातायात पुलिस टीम ने लोगों को हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाने, दुर्घटना में घायलों की तत्काल सहायता करने (गुड सेमेरिटन) तथा परिवार व समाज में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की। प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने टैक्सी-बस चालकों और स्थानीय नागरिकों को भी नियमों की विस्तृत जानकारी दी।
इस जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 180 छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

K k sanjay
Author: K k sanjay

Leave a Comment

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!