महरा पंचायत में जल-नल योजना ठप, ग्रामीणों ने एसडीओ से की शिकायत
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड अंतर्गत महरा पंचायत में पिछले कई दिनों से जल-नल योजना के तहत पेयजल आपूर्ति बंद रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पीने के पानी के लिए लोगों को दूर-दराज के चापाकलों और अन्य स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
इस समस्या से परेशान होकर महरा पंचायत के ग्रामीण दिनेश पासवान, मनोज कुमार, दीपक कुमार समेत कई लोगों ने रोसड़ा के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) संदीप कुमार से शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से जल-नल योजना बंद रहने के कारण आम लोगों को स्वच्छ पेयजल नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने जल्द से जल्द पानी की नियमित आपूर्ति बहाल कराने की मांग की।
ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीओ संदीप कुमार ने सिंघिया प्रखंड के पीएचईडी के जूनियर इंजीनियर निधि कुमारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जल-नल योजना की तकनीकी खराबी को शीघ्र दूर कर आम लोगों के लिए पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि किसी भी ग्रामीण को पानी के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
ग्रामीणों ने प्रशासन से उम्मीद जताई है कि जल्द ही जल-नल योजना चालू होगी और उन्हें नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

Total Users : 10224375
Views Today : 4186